डबलिन (मैलाहाइड) 18 सितंबर (वार्ता) फिल साल्ट (89) की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने पहले टी-20 मुकाबले में बुधवार को आयरलैंड को 14 गेंदे शेष रहते चार विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड ने इसी के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड के लिए फिल साल्ट और जॉस बटलर की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। पांचवें ओवर में मैथ्यू हैम्फ्रीज ने जॉस बटलर 10 गेंदों में 28 रन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद कप्तान जेकब बेथेल 16 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुये। रेहान अहमद (आठ), सैम करन (27) रन बनाकर आउट हुये। इस दौरान विकेट गिरने के बावजूद इंग्लैंड ने अपनी रनों की रफ्तार को बनाये रखा। 16वें ओवर में ग्रेम ह्यूम ने फिल साल्ट को 191 के स्कोर पर आउटकर कर दिया। फिल साल्ट ने 46 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के लगाते हुए (89) रनों की पारी खेली। इंग्लैंड ने 17.4 ओवर में छह विकेट पर 197 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। फिल साल्ट को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया।
आयरलैंड की ओर से मैथ्यू हैम्फ्रीज और ग्रेम ह्यूम ने दो-दो विकेट लिये। हैरी टेक्टर और गेरेथ डेनेनी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड के लिए कप्तान पॉल स्टर्लिंग और रॉस ऐडेर की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। आठवें ओवर में लियम डॉसन ने रॉस ऐडेर (26) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में आदिल रशीद ने पॉल स्टर्लिंग 22 गेंदों में (34) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कान टकर ने तीसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी कर आयरलैंड के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी।
20वें ओवर की पांचवी गेंद पर जेमी ओवर्टन ने लोर्कान टकर को आउट किया। लोर्कान टकर ने 36 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए 55 रन बनाये। पारी की आखिर गेंद पर बल्लेबाजी करने आये जॉर्ज डॉकरेल ने छक्का लगाकर स्कोर को तीन विकेट पर 196 रन पहुंचा दिया। हैरी टेक्टर ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 61) रनों की पारी खेली।
इंग्लैंड के लिए लियम डॉसन ,आदिल रशीद और जेमी ओवर्टन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

