इंदौर: जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि रूपरामनगर कॉलोनी में रहने वाले 78 वर्षीय सुरेश कुमार दात्रे ने शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे उनके रिश्तेदार वैभव दुबे, महेन्द्र दुबे और नरेन्द्र दुबे जबरदस्ती घर के मुख्य गेट पर चढ़कर अंदर घुस आए और दरवाजे का ताला तोड़ने लगे.
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि विवाद के दौरान महेन्द्र और वैभव ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिसके बाद वैभव ने हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग के दोनों हाथों में चोट आई. आरोपियों ने मकान में हिस्सेदारी का दावा करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित के अनुसार उसका आरोपियों से पुराना संपत्ति विवाद चल रहा है, जिसके चलते वे जबरन कब्जा करने की नीयत से घर में घुसे थे. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
