
इंदौर. आज एमवाय अस्पताल परिसर में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता ही सेवा अभियान पखवाड़े की शुरुआत की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई श्रमदान किया. इसके बाद नगर निगम के ई-वेस्ट कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया. साथ ही उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा पखवाड़े और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत एमवाय हॉस्पिटल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ स्वच्छता के लिए श्रमदान किया. उन्होंने एमवाय हॉस्पिटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को प्रदेश में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के रूप में मनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमवाय हॉस्पिटल के अंदर और बाहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें. उन्होंने कहा कि एम. वाय. अस्पताल में विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार हर तरह की मदद देगी. उक्त मौके पर डॉ. यादव ने नागरिकों से अपील की गंदगी न तो करें और न होने दें. कार्यक्रम में उन्होंने स्वच्छता ही सेवा अभियान के लाँचिंग लोगो का विमोचन भी किया. कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,बैतूल विधायक और प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल , प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, संगठन मंत्री हितानंद शर्मा,सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा , गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा तथा श्रवण चावड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
हर व्यक्ति स्वच्छता से जुड़ेः सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा है कि हर व्यक्ति को स्वच्छता के साथ जुड़ना चाहिए. स्वच्छता हमारी आदतों में और दिनचर्या में शमिल हो. हर नागरिक का कर्त्तव्य है कि वे ना तो वह स्वयं गंदगी करें और दूसरों को भी नहीं करने दें. स्वच्छता के प्रति सजग रहकर सप्ताह में 2 घंटे तथा वर्ष में 100 घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने की सभी से अपील की.
ई-वेस्ट सबसे गंभीर प्रदूषण कारक अपशिष्टः महापौर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संचालन के दौरान बताया कि ई-वेस्ट आज के समय में सबसे गंभीर प्रदूषण कारक अपशिष्ट है. इसका निपटान यदि वैज्ञानिक पद्धति से न किया जाए, तो यह पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत हानिकारक है. उसी उद्देश्य को लेकर नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत ई-वेस्ट संग्रहण अभियान शुरू किया गया है. महापौर ने कहा कि विशेष अभियान के प्रथम चरण में निगम मुख्यालय, नेहरु पार्क स्थित स्मार्ट सिटी ऑफिस में ई-वेस्ट ड्रॉप बॉक्स स्थापित किए गए हैं. इन ड्रॉप बॉक्स में निगम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने घर अथवा कार्यालय से निकलने वाले अनुपयोगी एवं खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे- मोबाइल, चार्जर, पंखे, कंप्यूटर पार्ट्स, बैटरी, टीवी, रिमोट इत्यादि जमा करेंगे। अभियान के आगामी चरणों में शहर के नागरिकों को सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा.
निर्धारित स्थानों पर जमा करने की अपील
महापौर ने बताया कि शहर में चिन्हित स्थानों पर ई-वेस्ट ड्रॉप बॉक्स रखे जाएंगे. वहां पर नागरिक अपने अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कर सकेंगे. इसके साथ ही नगर निगम द्वारा घर-घर से भी वेस्ट कलेक्शन किया जाएगा. महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि उक्त अभियान के तहत अपने घरों, दुकानों एवं कार्यालयों से निकलने वाले पुराने एवं खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निर्धारित स्थानों पर जमा करें.
