शिक्षकों की क्रमोन्नति, एरियर और वेतन फिक्सेशन फाइलें महीनों से लंबित

*म.प्र. शिक्षक कांग्रेस ने संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा को सौंपा ज्ञापन*

ग्वालियर। मध्यप्रदेश शिक्षक कांग्रेस ने ग्वालियर संभाग के कोष एवं लेखा कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। संगठन ने संयुक्त संचालक, कोष एवं लेखा ग्वालियर संभाग को ज्ञापन सौंपा।इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षकों की फाइलों को महीनों तक दबाकर रखना उनके साथ सीधे-सीधे आर्थिक शोषण है। शिक्षक बरसों से अपने हक़ के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं और जब सभी दस्तावेज पूरे हो चुके हों, तब भी फाइलों को रोका जाना न्यायसंगत नहीं है। प्रांतीय सचिव कौशल शर्मा ने इस स्थिति को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक अपनी मेहनत की कमाई के लिए सालों इंतजार करने को मजबूर हैं। यदि विभाग ने तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए, तो संगठन आयुक्त से मुलाकात कर सम्पूर्ण मामले की जानकारी देगा। वहीं जिला महामंत्री धीरेन्द्र सिंह सिकरवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षक वर्ग के साथ हो रहा यह अन्याय अब और बर्दाश्त नहीं होगा। यदि लंबित फाइलों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक कांग्रेस अपने साथियों के अधिकारों की रक्षा हेतु हर स्तर पर संघर्ष करेगी। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मुरैना जिले सहित ग्वालियर संभाग के सैकड़ों शिक्षकों की क्रमोन्नति, वेतन फिक्सेशन और एरियर भुगतान से जुड़ी फाइलें कई महीनों से कोष एवं लेखा कार्यालय में अटकी हुई हैं। सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बावजूद कार्यवाही आगे नहीं बढ़ाई जा रही, जिससे शिक्षकों को गंभीर आर्थिक असमानता और वित्तीय संकट झेलना पड़ रहा है। ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट माँग की है कि क्रमोन्नति से जुड़ी वेतन निर्धारण फाइलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल स्वीकृति दी जाए। लंबित एरियर प्रकरणों की विभागीय समीक्षा कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।वेतन फिक्सेशन की कार्यवाही में हो रही अनावश्यक देरी समाप्त कर आदेश तुरंत जारी हों। प्रत्येक लंबित प्रकरण के लिए समयसीमा तय कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए।शिक्षक कांग्रेस ने दोहराया कि यदि विभाग ने त्वरित कार्यवाही नहीं की तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष महिला मोर्चा तुलसी रावत, धर्मेन्द्र सिंह राजावत, सुरेश रावत, संतोष तोमर, शिवराज प्रजापति आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

Next Post

सड़क दुर्घटना में दो की मौत, दो घायल, मेडिकल रेफर

Wed Sep 17 , 2025
नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमे बगासपुर गांव के पास छिरारू गांव से गोटेगांव अस्पताल आ रहे एक दंपति और उनके साथ चल रहे युवक की मोटरसाइकिल सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे उदयराज […]

You May Like