
रीवा।सेवा पखवाड़े के तहत नगर निगम द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. पखवाड़े के प्रथम दिन स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद जनार्दन मिश्र ने किया. इस अवसर पर सांसद ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजनों को स्वच्छता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई. इसके बाद सांसद तथा अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम से सामूहिक रूप साफ-सफाई कार्यक्रम में भागीदारी निभाई. इस अवसर पर सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसके तहत सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई की जाएगी. हर व्यक्ति स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग दे. अपने घर और आसपास साफ-सफाई करें. सेवा पखवाड़े में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिलाओं के सशक्तिकरण, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा महिला स्वसहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत का संकल्प पूरा करने में हर व्यक्ति सहयोग करे. सांसद ने कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम से ईको पार्क तक की स्वच्छता दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर नगर निगम के पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.
