
ग्वालियर। जेएएच कैंपस में सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के सामने खड़ी निजी एंबुलेंस को गार्ड द्वारा हटाने के लिए कहा गया, तो उसका चालक विवाद करने लगा। मारपीट तक कर डाली। इसका पता लगने पर सिक्युरिटी सुपरवाइजर ने बीच बचाव कराया, तो एंबुलेंस संचालक ने कंपू थाने पहुंचकर उन दोनों के खिलाफ ही मारपीट करने की उल्टी एफआईआर दर्ज करवा दी। जेएएच में सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के सामने निजी एंबुलेंस खड़ी देखकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड अभिषेक रावत ने उसे हटाने के लिए कहा, तो एंबुलेंस चालक चंदन रजक निवासी जिगना (दतिया) उससे विवाद करने लगा। इस पर गार्ड ने उसे बताया कि हॉस्पिटल कैंपस में निजी एंबुलेंस खड़ी करने की अनुमति नहीं है। यह सुनते ही चंदन ने गाली गलौज करते हुए उसकी मारपीट करना शुरू कर दी।
इसका पता लगने पर सुरक्षा सुपरवाइजर मीनेश नरवारे ने मौके पर पहुंचकर दोनों को शांत करवाया। इसके बाद चंदन ने कंपू थाने पहुंच गया, जहां उसने शिकायत कर दी कि वह एंबुलेंस खड़ी करके नाश्ता कर रहा था, तभी सुरक्षा कर्मी अभिषेक व मीनेश ने गाड़ी हटाने को लेकर विवाद करते हुए उसकी मारपीट कर दी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने भी बिना हकीकत जाने अभिषेक व मीनेश को आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2), 296, 351(3) व 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि पहले एंबुलेंस चालक ने ही उनके साथ मारपीट की है, जिसका वीडियो भी उनके पास है।
