
देवास। भारतीय किसान संघ ने सोमवार को किसानों की समस्याओं को लेकर शहर में बाइक रैली निकाली। रैली में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इस रैली का नेतृत्व भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष हुकुमचंद पटेल ने किया।
रैली कलेक्टर कार्यालय पहुँची, जहाँ किसानों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की मार के चलते फसलें लगातार खराब हो रही हैं। इसके बावजूद अब तक किसानों को न तो पर्याप्त राहत राशि मिली है और न ही बीमा कंपनियों ने सही भुगतान किया है।
किसानों का आरोप है कि कई क्षेत्रों में जहाँ सौ प्रतिशत फसल नष्ट हो गई, वहाँ भी “जीरो क्लेम” देकर किसानों को ठगा गया। किसान नेताओं ने इस व्यवस्था को दोषपूर्ण बताते हुए जल्द समाधान की मांग की।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने किसानों की समस्याएँ गंभीरता से सुनीं और आश्वासन दिया कि जिले में पुनः सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को निश्चित रूप से राहत राशि और बीमा क्लेम का लाभ दिलवाया जाएगा।
