
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को राजभाषा के क्षेत्र में सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा प्रदान किया गया।
14 सितंबर को गांधीनगर, गुजरात में आयोजित हिन्दी दिवस समारोह एवं पांचवें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में बीएचईएल के निदेशक (मानव संसाधन) कृष्ण कुमार ठाकुर ने यह पुरस्कार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से प्राप्त किया।
बीएचईएल के कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली को राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए क्षेत्र ‘क’ में स्थित सार्वजनिक उपक्रमों की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, बीएचईएल की हैवी पावर इक्विपमेंट प्लांट (एचपीईपी), हैदराबाद इकाई को क्षेत्र ‘ग’ में स्थित सार्वजनिक उपक्रमों की श्रेणी में श्रेष्ठ गृह पत्रिका के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
ये पुरस्कार बीएचईएल की हिंदी को प्रभावी आधिकारिक भाषा के रूप में प्रोत्साहित करने की सतत प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक व भाषाई समावेशिता को मजबूत करने के प्रयासों का प्रतीक हैं।
यह सम्मान उद्योग और सार्वजनिक उपक्रमों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने में बीएचईएल की अग्रणी भूमिका को रेखांकित करता है।
