
छतरपुर। आधार केंद्र की संख्या बेहद कम होने के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में नगर में केवल एक ही आधार केंद्र संचालित हो रहा है, जिसकी वजह से प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए घंटों लाइन में खड़े रहते हैं। बावजूद इसके अधिकांश लोगों का काम दिनभर की मशक्कत के बाद भी नहीं हो पाता और उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ता है।
आज सोमवार, 15 सितंबर को सुबह से ही केंद्र के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। कई लोग सुबह 5 बजे से लाइन में लग गए थे, ताकि जल्दी काम हो सके। लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी जब नंबर नहीं आया तो लोग हताश और निराश होकर घर लौटने को मजबूर हो गए।
बेनी भाई नामक एक ग्रामीण ने बताया – “हम गरीब लोग हैं, हमारे पास गाड़ी-बैलगाड़ी जैसी कोई सुविधा नहीं है। हमें दूर-दराज़ से पैदल या बस पकड़कर यहां आना पड़ता है। एक ही आधार केंद्र होने की वजह से काम समय पर नहीं हो पाता और हमें बार-बार लौटना पड़ता है।”
लोगों का कहना है कि नगर की आबादी और जरूरत को देखते हुए एक केंद्र पर्याप्त नहीं है। सभी की यही मांग है कि छतरपुर नगर में अतिरिक्त आधार केंद्र खोले जाएं, ताकि आमजन को समय पर सुविधा मिल सके और उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े।
