झारखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट, तीन दिनों तक कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी

रांची, 15 सितम्बर (वार्ता) झारखंड मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए अगले तीन दिनों तक भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी है।

मौसम विभाग ने बताया कि 15 सितंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी और रामगढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

16 सितंबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा और रामगढ़ जिले प्रभावित हो सकते हैं। वहीं 17 सितंबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, पलामू, गढ़वा और चतरा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

विभाग ने सलाह दी है कि लोग बारिश वाले दिनों में खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली गिरने की स्थिति से बचाव करें। ग्रामीण इलाकों में नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का मौसम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। कई जगह जलजमाव की स्थिति, यातायात में बाधा और ग्रामीण क्षेत्रों में फसल को नुकसान की आशंका भी है। प्रशासन ने सभी जिलों में संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा है।

 

Next Post

द हाउस ऑफ़ लैक्मे ने अनीत पड्डा को ब्रांड का नया चेहरा बनाया

Mon Sep 15 , 2025
मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) भारत के पहले और सबसे बड़े मेकअप ब्रांड, द हाउस ऑफ़ लैक्मे ने आज अनीत पड्डा को अपने नए चेहरे के रूप में स्वागत किया। दशकों से लैक्मे भारतीय सौंदर्य संस्कृति को आकार देने में सबसे आगे रहा है। यह सिर्फ आइकॉन को सेलिब्रेट नहीं करता […]

You May Like