इंदौर: चाकू की नोंक पर बाइक सवार युवक से लूट करने वाले एक आरोपी को यातायात सूबेदार और आरक्षक ने फिल्मी अंदाज में 300 मीटर दौड़कर दबोच लिया. आरोपी को खजराना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि उसके दो साथियों की तलाश की जा रही है.घटना खजराना सर्विस रोड की है, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक से 1900 रुपए लूट लिए.
पीड़ित युवक ने तुरंत रेडिसन चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात सूबेदार राजू सांवले और आरक्षक विष्णु को घटना की जानकारी दी. दोनों जवान युवक को साथ लेकर घटनास्थल पहुंचे और आसपास तलाश शुरू की.इसी दौरान फरियादी ने एक आरोपी को पहचान लिया.
जैसे ही पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे, वह भाग खड़ा हुआ, लेकिन लगातार 300 मीटर पीछा कर सूबेदार और आरक्षक ने उसे दबोच लिया. पकड़े गए आरोपी को खजराना थाने लाया गया, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं, और उसके दोनों फरार साथियों की तलाश जारी है.
