
सीधी। पैसे के लेन-देन को लेकर हुये विवाद में पिपरांव चौकी पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार धर्मेन्द्र द्विवेदी पिता राजेश द्विवेदी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम कर्थवाह थाना रामपुर बाघेलान जिला-सतना, हाल-मलगांव चौकी पिपरांव द्वारा दुकानदारी का काम किया जाता है। धर्मेन्द्र द्विवेदी द्वारा माह अक्टूबर 2024 में शिवांश शर्मा निवासी करियाझर से फ्रिज पिज्जा बनाने वाले मशीन, काउंटर, काफी मशीन व अन्य सामान्य 01 लाख 02 हजार रूपये खरीदा गया था। उस वक्त धर्मेन्द्र द्विवेदी द्वारा 15 हजार रूपये शिवांश शर्मा को दिया गया था। बाद में प्रतिमाह थोड़ा-थोड़ा करके शिवांश शर्मा को दे दिया गया। अभी 11 सितम्बर को शिवांश शर्मा के पिता उपेन्द्रमणि शर्मा द्वारा धर्मेन्द्र द्विवेदी के मोबाइल पर कॉल करके गाली-गलौज करते हुये कहा गया कि मेरे बेटे का पूरा पैसा दे दो, नहीं तो जान से खत्म कर दूंगा। 13 सितम्बर को सुबह करीब 9 बजे जब धर्मेन्द्र द्विवेदी अपने घर के पास खड़े थे तभी उपेन्द्रमणि शर्मा आकर फिर गाली-गलौज करते हुये कहा कि मेरे बेटे का उधारी का पैसा ब्याज सहित दे दो नहीं तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा। घटना के बाद धर्मेन्द्र द्विवेदी द्वारा पिपरांव चौकी में रिपोर्ट की गई। जिस पर पुलिस ने आरोपी उपेन्द्रमणि शर्मा के विरूद्ध धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
