सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. कक्षा 12वीं का एक छात्र अपनी ही सहपाठी छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा था. छात्रा स्कूल से छुट्टी लेकर बाहर निकली और बाउंड्री के पास बुर्का पहनकर आरोपी छात्र के साथ जाने लगी.
उसी समय कुछ लोगों ने यह दृश्य देख लिया और इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन एवं हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को दी. संगठन के लोगों ने छात्रा को नदी चौराहे पर रोक लिया और परिजनों के हवाले कर दिया. हालांकि मौके का फायदा उठाकर आरोपी छात्र वहां से भाग निकला.
छात्रा ने पूछताछ में बताया कि आरोपी उसकी ही कक्षा में पढ़ता है और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था. बताया गया कि आरोपी ने स्कूल न आकर पहले ही छात्रा को बुर्का उपलब्ध कराया था, जिसे उसने बैग में छुपा रखा था.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र के खिलाफ धर्म परिवर्तन की चेष्टा करने और छात्रा को बहलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी कोतवाली रविन्द्र यादव ने इसकी पुष्टि की है.
