
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं निमाड़ के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सुभाष यादव की 13वीं पुण्यतिथि शुक्रवार, 26 जून को उनके गृहग्राम बोरावां में मनाई जाएगी। इस अवसर को भक्ति दिवस के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम होंगे।
पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री अरुण यादव और पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी बाबूजी की पुण्यतिथि पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भक्ति दिवस कार्यक्रम में मारुति रामायण मंडल, खरगोन द्वारा भजन-कीर्तन और रामायण पाठ की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं निमाड़ के प्रसिद्ध लोकगायक स्व. सुभाष यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित विशेष गीत प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में पितृ पूजन एवं श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित होगी।
स्व. यादव की स्मृति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए क्षेत्र की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और आमजन के लिए महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।
