
दमोह। हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हिनौता निवासी 47 वर्षीय शिव सिंह लोधी की मौत के बाद शुक्रवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक के परिजन और ग्रामीण सुबह से ही चक्काजाम की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस वज्र वाहन में शव लेकर मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीणों और परिजनों में पुलिस के प्रति आक्रोश नजर आया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि भापुसे ने तत्काल बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा सहित पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया।इसके बाद परिजनों की मुख्य मांग थी कि शिव सिंह लोधी की मौत के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। परिजनों का आरोप है कि जुआ फड़ पर पुलिस कार्रवाई के दौरान शिव सिंह को पुलिस अपने साथ ले गई थी और पुलिस की कथित मारपीट व बर्बरता के बाद उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
*बांदकपुर-हलगाज के बीच जुआ फड़ चलने का आरोप*
ग्रामीणों के अनुसार बांदकपुर और हलगाज के बीच जिस स्थान पर जुआ चल रहा था, वहां पहले से ही जुआ खिलाए जाने की बात सामने आती रही है। बताया गया कि शिव सिंह भी जुआ खेलने वहां पहुंचा था। ग्रामीणों का कहना है कि शिव सिंह पहले से बीमार चल रहा था। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई हुई और बाद में उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान शिव सिंह के साथ कथित रूप से बर्बरता की गई, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मामले में परिजन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
शव लेकर पहुंची पुलिस, धक्का-मुक्की के बाद पथराव
पुलिस जब वज्र वाहन में शव लेकर पहुंची तो मौके पर पहले से मौजूद ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। देखते ही देखते पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद पथराव शुरू हो गया।
पथराव में एसडीएम सौरभ गंधर्व, टीआई महेंद्र सिंह जगेत घायल हुए और पुलिस कर्मियों पर कीचड़ फेंका गया। जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल बढ़ाया गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।बताया गया कि मृतक शिव सिंह लोधी अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। परिवार के अनुसार बेटी और एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरा बेटा अविवाहित है। मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजन पुलिस पर लगाए गए आरोपों की जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह पूरामामला गुरुवार रात का बताया गया है। देना तक हंगामा मचा रहा मौके पर एसपी सहित पुलिसअधिकारी पहुंचे। सुबह पुनः स्थिति बदलने पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई इसके बाद स्थिति निर्मित हुई। डीआईजी सागर शशीन्द सिंह चौहान भी पहुंचे थे उन्होंने भी पूरे मामले की जानकारी ली।
