नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) राजधानी के आनंद विहार स्थित नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है ।
इस स्टेशन को सूर्य नमस्कार, योग मुद्राओं, शास्त्रीय नृत्य और भारत की आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक परंपराओं के उत्सव की थीम पर सजाया गया है। स्टेशन की दीवारों और क्षेत्रों में सुंदर चित्रकारी की गयी है, जो लोगों का ध्यान बरबस अपनी ओर आकर्षित करती है। संसद भवन, इंडिया गेट और राष्ट्रीय राजधानी से जुड़े कई अन्य ऐतिहासिक धरोहरों की छवियां भी यहां पर देखने को मिलती हैं।
यहां एक प्रदर्शन स्थल बनाया गया है, जहां युवा कलाकार अपनी चित्रकारी कला को प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके साथ ही यहां पर एक संगीत स्पॉट बनाया गया है, जहां संगीत और अंताक्षरी का आयोजन किया किया जाता है। इस कार्यक्रम में कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम लिमिटेड (एनसीआरटीएस) के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पुनीत वक्त ने बताया कि इन कार्यक्रमों का मकसद अधिक से अधिक लोगों को नमो भारत परियोजना के बारे में जानकारी देना और नमो भारत ट्रेन से सफर करने के लिए आकर्षित करना है। उन्होंने बताया कि हर शुक्रवार को आयोजित होने वाले संगीत कार्यक्रम की थीम “माइक उठाओ और गाओ” रखी गयी है उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में किसी कलाकार को विशेष तौर पर आमंत्रित नहीं किया जाता है और ना ही किसी तरह का इनाम दिया जाता है। बस सिर्फ मोमेंटों देकर इसमें भाग लेने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाता है।
रेलवे अधिकारी ने बताया कि नमो भारत ट्रेन के यात्रियों को आधुनिक रेल परिवहन का अनुभव देने के साथ देश की संस्कृति से जोड़े रखने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है।
आनंद विहार का नमो भारत स्टेशन क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना का पहला भूमिगत स्टेशन है। इस गलियारे की लंबाई 13 किलोमीटर है, जिनमें से छह किमी ट्रैक भूमिगत है।
यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइनों से जुड़ा हुआ है, जहां से लोग आसानी से पहुंच सकते है। यह स्टेशन 297 मीटर लंबा, 35 मीटर चौड़ा है। यहां आनंद विहार रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से आसानी पहुंचा जा सकता है।

