लाहौर (वार्ता) पाकिस्तान के भला फेंक स्टार ने कहा कि जापान के नेशनल स्टेडियम में 17 सितंबर से शुरु हो रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेरा असली मुकाबला खुद से है।
पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम ने समाचार पत्र द डॉन से बातचीत में कहा, “मेरा मुकाबला हमेशा अरशद नदीम से ही होता है। मेरी असली प्रतिस्पर्धा खुद से है। मैं अच्छी फॉर्म में हूं और टोक्यो के लिए पूरी तैयारी कर चुका हूं। मैं हमेशा हर प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का लक्ष्य रखता हूं और टोक्यो भी उसी मिशन और बड़ी उम्मीदों के साथ जा रहा हूं। बाकी सब ऊपर वाले पर है।” पुरुषों की जैवलिन क्वालिफिकेशन 17 सितंबर को होगी, जबकि फाइनल 18 सितंबर को खेला जाएगा। यह पहला मौका होगा जब अरशद नदीम बनाम नीरज चोपड़ा पेरिस 2024 फाइनल के बाद आमने-सामने होंगे।पेरिस के बाद से नदीम ने केवल एक ही टूर्नामेंट खेला है बल्कि कोरिया के गुमी शहर में हुई एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। अब उनका लक्ष्य फिर से बड़े मंच पर खुद को साबित करना है।
उन्होंने कहा, “टोक्यो में लगभग वही बड़े प्रतिद्वंदी होंगे जो पेरिस ओलंपिक में थे। इसलिए मुकाबला कड़ा और रोमांचक रहेगा।”
टोक्यो में जैवलिन का मैदान बेहद दमदार रहेगा, जिसमें नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के अलावा जर्मनी के जूलियन वेबर, ग्रेनेडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, चेक रिपब्लिक केयाकूब वाडलेच और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के पूर्व ओलंपिक चैंपियन केशॉर्न वालकॉट भी हिस्सा लेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत के नीरज चोपड़ा भी अपने शानदार सीजन का आनंद ले रहे हैं। मौजूदा विश्व चैंपियन नीरज ने दोहा में 90.23 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और पेरिस, ओस्ट्रावा और बेंगलुरु में खिताब जीते।
