नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) जापान के बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (जेबीआईसी) के गवर्नर हयाशी नोबुमित्सु के नेतृत्व भारत की यात्रा पर आये एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राजधानी में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की।
श्री गोयल ने इस बैठक को उपयोगी बैठक को उपयोगी बताते हुए कहा कि इसमें भारत- जापान आर्थिक साझेदारी पर चर्चा हुई।
वाणिज्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘ हमारी चर्चा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश सहयोग को बढ़ाकर और उभरते क्षेत्रों में विकास के नए अवसरों की खोज करके भारत-जापान आर्थिक साझेदारी को और गहरा करने पर केंद्रित रही।’
श्री गोयल ने आज ही यूरोपीय संघ (ईयू) के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दोपहर के भोजन पर बातचीत की। ईयू के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफोविच और कृषि एवं खाद्य आयुक्त क्रिस्टोफ़ हैनसेन कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ईयू के साथ यह बातचीत ऐसे समय हुई है जबकि दोनों पक्ष मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत कर रहे हैं। श्री गोयल ने सोशल मीडिया पर इस बातचीत के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘हम एक संतुलित और पारस्परिक रूप से एफटीए तक पहुंचने , दोनों तरफ के कारोबारियों के लिए नए रास्ते खोलने और भारत तथा ईयू के साझा विकास के अवसरों को यथा संभव अधिकतम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
