इंदौर: खजराना क्षेत्र में कुख्यात अनवर कादरी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज हुआ है. इस बार आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला की संपत्ति फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हड़प ली और बाद में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी.खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताय कि शिकायतकर्ता जौहरा बी ने आरोप लगाया कि उनकी किराएदार समीना बी उर्फ किरण ने अनवर कादरी और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी मुख्तारनामा यानी कि अधिकार पत्र तैयार कराया, इसके आधार पर अनवर ने 1 नवंबर 2006 को संपत्ति की रजिस्ट्री कर ली.
बाद में इस मकान को किसी और को बेच दिया. शिकायत में कहा गया है कि विवादित मकान फिलहाल तब्बुसबी नाम की महिला के कब्जे में है, जिसने वहां किरायेदार रखे हैं. यह मकान मूल रूप से जौहरा बी के माता-पिता का था. उनकी मृत्यु के बाद जौहरा बी शादी करके वहां से चली गई थी. इसी दौरान आरोपियों ने अलमारी से मूल दस्तावेज निकालकर फर्जी कागजात तैयार कर लिए.
जौहरा बी का आरोप है कि इस पूरे षड्यंत्र की साजिश अनवर कादरी ने रची थी. लंबे समय से वह पुलिस को शिकायत दे रही थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी. आखिरकार लगातार मिल रही शिकायतों और महिला की अपील पर कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने अनवर कादरी सहित सात लोगों समीना बी उर्फ किरण, साजिद खान, मोहम्मद फारुख, सईद मोहम्मद, शादाब खान और जहूर मोहम्मद पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
