
जबलपुर। एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को आईजी कार्यालय घेरा। साथ ही एक सप्ताह के भीतर पुलिसकर्मियों को निलंबित कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
इस दौरान कांग्रेसियों ने बताया कि विगत दिवस एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन देने पहुंचे एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष एड अमित मिश्रा एवं कार्यकर्ताओं के ऊपर पुलिस कर्मियों के द्वारा बर्बरता पूर्वक पिटाई हुई जिसका वीडियो सोशल मीडिया वायरल हुआ। जिसमें एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के बाद भी कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के ऊपर हमला किया गया, जो की घोर आपत्तिजनक था, जिसके विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सिविल लाइन स्थित आईजी कार्यालय में सैकड़ो की तादाद में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आईजी के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने बताया लोकतंत्र में सभी को अपनी आवाज़ उठाने का अधिकार है, लाठी की दम पर कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, एक सप्ताह के भीतर उन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर उनके ऊपर एफआईआर नहीं होगी तो कांग्रेस पार्टी पूरे शहर में आंदोलन करेगी।
