ग्वालियर: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज अपने एक दिवसीय विदेश दौरे से लौटते ही सीधे अपने संसदीय क्षेत्र के 5 दिवसीय प्रवास की शुरुआत कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री प्रवास के पहले दिन ही ग्वालियर पहुंचकर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा संत बाबा मंसूर अली की दरगाह पर जाकर प्रार्थना कर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-शांति की कामना करेंगे।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया कल ही में दुबई में आयोजित 28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस में भारत का नेतृत्व करते हुए इंटीग्रेशन प्रोजेक्ट की ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बने थे।
आज ग्वालियर आगमन पर सिंधिया जय विलास पैलेस में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ आए स्थानीय आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके साथ संवाद भी करेंगे।
सिंधिया शाम को चंपाबाग स्थित जैन समाज के ‘क्षमावाणी पर्व’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और सामुदायिक सौहार्द का संदेश देंगे। शाम को ही केंद्रीय मंत्री ग्वालियर में सूफी संत मंसूर शाह औलिया के उर्स में पहुंचेंगे जहाँ वह महाराजबाड़ा के गोरखी स्थित देवघर में बाबा मंसूर अली की दरगाह पर जाकर इबादत करेंगे और क्षेत्र की खुशहाली एवं सुख-शांति के लिए आशीर्वाद की कामना करेंगे।
