सीहोर: जिले में पुलों पर रैलिंग न होने के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीती रात मछली पुल से बाइक सहित नाले में गिरे थूना कलां निवासी 35 वर्षीय ओमप्रकाश मेवाड़ा की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जाता है कि रात के अंधेरे और रैलिंगविहीन पुल पर संतुलन बिगड़ने से वह नाले में जा गिरा. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
यह इस पुल से हुई पहली मौत नहीं है. पिछले महीने भी एक राहगीर इसी तरह नाले में गिरकर जान गंवा चुका था, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बावजूद इसके नगर पालिका और विभागों ने अब तक रैलिंग लगाने की जहमत नहीं उठाई.सीहोर शहर में मछली पुल, कर्बला पुल, बकरी पुल, इंग्लिशपुरा पुल जैसे कई पुल हैं जहां सुरक्षा व्यवस्था नदारद है.
कर्बला पुल से दो साल पहले तहसीलदार व पटवारी की मौत हो चुकी है. इसी तरह पार्वती नदी के ऊंचे पुल से भी कई वाहन गिर चुके हैं, क्योंकि वहां की रैलिंग चोरी हो चुकी है और वर्षों से दोबारा नहीं लगाई गई.लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग शायद किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं. वहीं नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर का कहना है कि नया पुल स्वीकृत हो चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा. तब तक हादसों को रोकने के लिए मौजूदा पुल के मुहानों पर लोहे की जालियां लगवाई जा रही हैं.
