
चेन्नई, 18 जून (वार्ता) हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 में बुधवार को पुरुष वर्ग में पंजाब ने पुडुचेरी को , तमिलनाडु ने केरल को तथा महिला वर्ग में कर्नाटक ने केरल को और महाराष्ट्र ने हिमाचल प्रदेश की टीम को हराया।
आज यहां उद्घाटन सत्र के पहले मैच में कर्नाटक ने महिला वर्ग में केरल को 7-0 से हराया। कर्नाटक की ओर से स्नेहा सी (15वें, 17वें, 50वें) मिनट में गोलकर टूर्नामेंट की पहली ऐतिहासिक हैट्रिक बनाई। कप्तान केके कृतिका ने (42वें, 55वें) मिनट में दो गोल किए, जबकि उषा विनयकुमार ने (22वें) और जोसेफिन लोर सेक्वेरा ने (50वें) मिनट में गोल कर अपनी टीम को टूर्नामेंट में पहली जीत दिलाई। महिला वर्ग के दूसरे मैच में महाराष्ट्र ने हिमाचल को 5-0 से हराया।
एक अन्य मैच में पंजाब ने पुरुष वर्ग में ले पुडुचेरी को 3-2 से हराया। हॉकी पंजाब के लिए पवनिंदर सिंह ने (15वें), धर्मपाल सिंह ने (36वें) और कप्तान रिपुदमन कुमार ने (42वें) मिनट में गोल किए। दूसरी तरफ, ले पुडुचेरी के लिए दिल्लीगणेश ने (21वें) और एन कमला कन्नन ने (47वें) मिनट में गोल किया।
दिन के आखिरी मैच में तमिलनाडु ने केरल को 8-0 से हराया। तमिलनाडु के लिए रामदास वी ने (14वें, 44वें) मिनट में दो गोल करके शीर्ष गोल स्कोरर रहे। सुदर्शन एस ने (28वें) मिनट, थमराइकन्नन ने (32वें) मिनट, कैप्टन एडम एंटनी सिंक्लेयर ने (34वें) मिनट विनोथ कुमार एपी ने (35वें) मिनट, सेड्रिक मार्सेलिन डी क्रूज ने (40वें) और सतीश कुमार ने (43वें) मिनट में गोल किया।
