ऑस्ट्रेलिया में प्रजनन दर रिकॉर्ड निचले स्तर पर

कैनबरा, 15 अक्टूबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया में महिला प्रजनन दर लगातार दूसरे साल गिरावट के साथ 2024 में रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गयी ।

ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) द्वारा बुधवार को प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, 2024 में ऑस्ट्रेलिया में कुल प्रजनन दर रिकॉर्ड निचले स्तर 1.481 जन्म प्रति महिला रही। इससे पहले 2023 में यह आंकड़ा प्रति महिला 1.499 जन्म था। एबीएस ने बताया कि 1976 से कुल प्रजनन दर प्रतिस्थापन दर से नीचे ही रही है। प्रति महिला लगभग 2.1 बच्चों की कुल प्रजनन दर (टीएफआर) को प्रतिस्थापन स्तर की प्रजनन क्षमता कहा जाता है।

एबीएस की जनसांख्यिकी प्रमुख बेइदर चो ने कहा कि पिछले एक दशक में ऑस्ट्रेलिया में अपने बच्चे के जन्म के समय माता-पिता की औसत आयु में भी वृद्धि हुई है। 2014 की तुलना में 2024 में माताओं की औसत आयु में 1.2 वर्ष और पिताओं की औसत आयु में 0.9 वर्ष की वृद्धि हुई है। वर्तमान में यह महिलाओं के लिए 32.1 वर्ष और पुरुषों के लिए 33.9 वर्ष हो गई है।

सुश्री चो ने बताया कि 2014 से पहले के दशक में माताओं की औसत आयु में केवल 0.3 वर्ष और पिताओं की आयु में केवल 0.2 वर्ष की वृद्धि हुई थी। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में माता-पिता बनने की ओर रुझान व्यापक सामाजिक और आर्थिक बदलावों को दर्शाता है, जिसमें शिक्षा में अधिक समय व्यतीत करना और महिलाओं की कार्यबल में अधिक भागीदारी शामिल है।

 

 

Next Post

नगर को स्वच्छ और हरित बनाने कलेक्टर एवं एसपी ने किया पौधारोपण

Wed Oct 15 , 2025
सिलवानी: नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए रायसेन जिले के कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा एवं पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे द्वारा सिलवानी नगर में वार्ड 4 शिवाजी नगर स्थित डिवाइडर पर पौधारोपण किया गया।इस अवसर पर कलेक्टर एवं एसपी ने कहा कि पर्यावरण […]

You May Like