
सतना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाये गये नवनिर्मित अंतर राज्यीय बस स्टैण्ड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना पर भगवान की विशेष कृपा है। जिसके कारण यहां चित्रकूट में भगवान राम, कामतानाथ और मैहर में मां शारदा विराजी है। भगवान राम का आदर्श जीवन आज भी हम सबको प्रेरणा देता है। भगवान राम ने आदर्श पुत्र, आदर्श पिता, आदर्श भाई, आदर्श पति और सबसे बढकर आदर्श राजा के रूप में हम सबको आज भी प्रेरणा दे रहे है। भगवान राम की इस क्षेत्र पर विशेष कृपा रही है। हम चित्रकूट में भव्य वनवासी रामलोक का निर्माण करके चित्रकूट धाम का विकास कर रहे है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने 652.54 करोड रूपये के निर्माण कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के 12 हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना शहर के विकास के लिए हमारी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने सतना को स्मार्ट सिटी योजना की सौगात देकर विकास कार्यो की गंगा बहा दी है। सरकार सतना के विकास में किसी भी तरह की कोर कसर नहीं रहने देगी। सतना एयरपोर्ट के रनवे का 1800 मीटर तक विस्तार किया जायेगा। सरकार 2026 से छोटे-बडे शहरों के लिए सरकारी बसों की सेवा शुरू करने जा रही है। सतना के लोग बहुत दूरदर्शी है। उन्होंने बस सेवा शुरू होने से पहले ही शानदार अंतरराज्यीय बस स्टैण्ड बना दिया है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्मित बस स्टैण्ड को अब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी अंतरराज्यीय बस स्टैण्ड के रूप में जाना जायेगा। अटल जी राजनीति में शुचिता और राष्ट्रीयता के प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्र, धर्म और जनकल्याण के लक्ष्यों को लेकर सरकार चलाई। भारतीय संसद में 50 वर्षो तक अटल जी की निर्भीक वाणी गूंजती रही। हम अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष मनाते हुए मध्यप्रदेश का रियलस्टिक डेवलपमेंट कर रहे हैं। हम सरकार को परिवार की तरह चलाते हैं। सरकार के लिए गरीब, महिला, युवा और किसानों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बरगी नहर में टनल निर्माण का कार्य 31 जनवरी तक पूरा करके सतना के किसानों के लिए नर्मदा का जल पहुंचायेंगे। बरगी नहर से 1.45 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। केन नदी का पानी मंदाकिनी तक पहुंचा के उसे सदानीरा बनायेंगे।
समारोह मे जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय मंत्री नगरीय प्रशासन तथा संसदीय कार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में दो वर्ष में प्रदेश ने तेजी से विकास किया है। सतना शहर के विकास के लिए हर संभव सहायता दी जायेगी। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने अपने उद्बोधन में एयरपोर्ट विस्तार की मांग रखी। समारोह में सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सतना को आज करोडों रूपये के निर्माण कार्यो की सौगात दी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है। प्रदेश में 32 लाख करोड के औद्योगिक विकास के लिए पूंजी निवेश हुआ है। इससे रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे। चित्रकूट में राम पथ गमन और वनवासी राम लोक का निर्माण तथा मैहर में मां शारदा लोक का निर्माण हो रहा है। पीडितों को उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस की सुविधा दी गई है। इसी तरह से 70 साल से अधिक आयु के हर व्यक्ति को आयुष्मान कार्ड से 5 लाख रूपये तक सालाना उपचार सहायता की सुविधा दी गई है। सांसद ने शहर में एलीवेटेड रोड निर्माण तथा रनवे विस्तार की मांग रखी।
समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि सतना में तेजी से विकास के कार्य हुए है। सतना नगर निगम को इस वर्ष 5 बडे पुरूस्कार प्राप्त हुए है। शहरी गरीबों के लिए 8 हजार नये आवासों की मंजूरी मिली है। महापौर ने संतोषी माता मंदिर से मुख्त्यारगंज तक निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हर के विस्तार, स्टेशन के पास स्थित आदर्श मार्केट की 120 दुकानों के व्यवस्थापन, सर्किट हाउस से स्टेशन तक नये फ्लाई ओव्हर के निर्माण तथा शहर की सडकों की सुधार के लिए 50 करोड रूपये आवंटन की मांग रखी।
समारोह में विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष , रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुस्मिता सिंह परिहार, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, राजाराम त्रिपाठी, बाला यादव, सुधीर सिंह तोमर, अनिल जायसवाल स्थानीय जनप्रतिनिधि गण कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह तथा हजारों आमजन उपस्थित रहे।
