
जबलपुर। स्वस्थ बचपन और बेहतर मातृ स्वास्थ्य की नींव पौष्टिक आहार से मजबूत होती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जबलपुर रेल मंडल के पिपरिया और नरसिंहपुर में पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी थीम पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. आर.आर. कुर्रे ने संतुलित आहार, मातृ स्वास्थ्य और बच्चों के शारीरिक-मानसिक विकास में पोषण की भूमिका समझाई। ताजा भोजन, फल-सब्जियां, साबुत अनाज, पर्याप्त प्रोटीन और पानी के सेवन के साथ जंक फूड से दूरी रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कुपोषण और एनीमिया समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार के प्रति भी जागरूक किया गया। रेलवे हॉस्पिटल, रेलवे कॉलोनी और स्टेशन परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई तथा उद्घोषणा के जरिए कर्मचारियों और यात्रियों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाया गया। योग, व्यायाम और खेलकूद को दिनचर्या में शामिल करने तथा बच्चों का स्क्रीन टाइम सीमित रखने पर भी जोर दिया गया। “पोषण का रखें ध्यान, तभी होगा बीमारियों का निदान” संदेश के साथ स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता की अपील की गई।
