पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लेकर रवाना हुये ट्रक, रेखा गुप्ता और सचदेवा ने दिखायी हरी झंडी

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री साम्रगी रवाना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री ले जा रहे 52 ट्रकों को पार्टी प्रदेश कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के सभी मंत्री और पार्टी के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

पंजाब के जालंधर के लिए रवाना हुए ट्रकों पर बाढ़ पीड़ितों के दैनिक इस्तेमाल में आने वाली सामग्री, जैसे चारपाइयां, रसोई घर में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, कंबल, मच्छर दानी और दवाइयां थीं। पहले ये ट्रक जालंधर जाएंगे और फिर वहां से भाजपा कार्यकर्ता बाढ़ग्रस्त विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएंगे।

इस मौके पर दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब इस समय मुसीबत में है। बाढ़ के कारण फसलें बर्बाद हो गई है। कई गांवों में भारी तबाही मची है। ऐसे समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने पंजाब के हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को वहां भेजा था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी लगातार पंजाब की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुसीबत की इस घड़ी में पंजाब के लोगों के साथ दिल्ली सरकार और प्रदेश भाजपा भी खड़ी है और प्रदेश भाजपा की ओर से आज बाढ़ पीड़ितों के लिए दैनिक इस्तेमाल में आने वाली आवश्यक वस्तुओं तथा दवाओं को भेजा जा रहा है।

श्री सचदेवा ने कहा, “देश का अन्न दाता पंजाब आज मुसीबत है। बारिश और बाढ़ ने राज्य में भारी तबाही मचाई है। ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि मुश्किल की इस घड़ी में बाढ़ पीढ़ितों के साथ खड़े हों।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात कर हालात की जानकारी ली थी तथा बाढ़ पीढ़ितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच करोड़ रुपये की राशि दी थी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के हालात के मद्देनजर दिल्ली भाजपा ने वहां दैनिक इस्तेमाल में आने वाली सामग्री को भेजने का निर्णय लिया। आज 52 ट्रक इन सामानों को लेकर रवाना हो रहे हैं। हम आने वाले दिनों में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए और सामान भेजेंगे।”

श्रीमती गुप्ता ने कहा “बाढ़ के कारण पंजाब इस समय मुसीबत में है और मुश्किल की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता तथा पूरा देश उनके साथ खड़ा है। आज हम दैनिक इस्तेमाल में आने वाली वस्तुओं को भेज रहे हैं और आगे भी भेजेंगे। आज दिल्ली ने अपने पंजाब के भाइयों-बहनों के लिए राहत सामग्री से भरे 52 ट्रकों को रवाना किया है। हम एक ही परिवार हैं, और जब पंजाब संकट में है तो दिल्ली उसका दर्द बाँटने के लिए उसके साथ खड़ी है। सभी मंत्रियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ जिन्होंने इतने कम समय में भोजन सामग्री से लेकर हर आवश्यक वस्तु की व्यवस्था सुनिश्चित की।”

उन्होंने कहा, “मैंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी बात की है और उन्हें आश्वस्त किया है कि इस कठिन घड़ी में दिल्ली पंजाब के लिए हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। दुख की घड़ी में पूरा देश एक परिवार की तरह हर पंजाब वासी के साथ खड़ा है।”

Next Post

निगम परिषद की बैठक कल

Sun Sep 7 , 2025
ग्वालियर। नगर निगम परिषद के साधारण सम्मेलन का आयोजन सोमवार 08 सितंबर को दोपहर 3 बजे सभापति मनोज सिंह तोमर की अध्यक्षता में जल विहार परिषद सभागार में आयोजित किया जाएगा। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like