जबलपुर: नगर निगम के जोन क्रमांक 4, 10 और 14 में वेतन न मिलने से आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और हड़ताल पर जाने का फैसला सुना दिया। जिसके बाद नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। उधर दूसरी तरफ जोन क्रमांक 10 रांझी, जोन क्रमांक 4 गोरखपुर व विजय नगर जोन क्रमांक 14 में फैली गंदगी को लेकर रहवासियों के फोन विभाग के पास आने लगे।
जिसके बाद आनन-फानन में जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार से संपर्क किया और हल निकालने कहा। ये कोई पहली बार नहीं है जब बर्फानी ठेकेदार के द्वारा वेतन नहीं दिए जाने के कारण सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया हो इसके पहले कई बार कर्मचारियों में ठेकेदार के खिलाफ आक्रोश भर चुका है।इस संबंध में पीड़ित सफाई कर्मचारियों ने नवभारत को बताया कि बर्फानी सिक्योरिटी सर्विसेस का ठेकेदार उनका वेतन रोक देता है जिस कारण उन्हें घर चलाने में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कर्मचारियों का कहना था कि जब उन्हें वेतन पूरा मिल जाएगा उसके बाद ही जोनों में सफाई शुरू की जाएगी। स्वच्छता प्रभारी का कहना है कि ठेकेदार से बात हो गई है सोमवार को कर्मचारियों का वेतन मिल जाएगा। अब देखना होगा कि सोमवार को वेतन कर्मचारियों के पास पहुंचता है कि नहीं.. अगर नहीं तो जोन के वार्डों में फैली गंदगी अभी और कुछ दिनों तक पसरी रहेगी।
इनका कहना है
–रांझी के जोन क्रमांक 10, गोरखपुर के जोन क्रमांक 4 में बर्फानी सिक्योरिटी ठेकेदार के वेतन न दिए जाने की बात सामने आई है जिस कारण यहां कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया था। सोमवार से सभी कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा और काम यथावत शुरू कर दिया जाएगा।
–संदीप जायसवाल, स्वच्छता प्रभारी नगर निगम जबलपुर।
