उफनते रपटे से बहे 2 लोगों के शव तीसरे दिन मिले

सतना :जिले के उचेहरा क्षेत्र अंतर्गत मतरी पतौरा गांव के निकट करारी नदी पर बने रपटे को पार करने के दौरान बाइक समेत बहे दोनों लोगों के शव तीसरे दिन मिल गए. शुक्रवार की सुबह से ही एसडीआरएफ द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाते हुए लगभग 5 किमी के दायरे में तलाश की जा रही थी. एक व्यक्ति का शव घटनास्थल से 3 किमी तो दूसरे का शव 4 किमी दूर नदी पाया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत कुम्हरी गांव के निवासी राजकुमार लोधी पिता फूलचंद्र उम्र 34 वर्ष और पुष्पेंद्र लोधी पिता नरेंद्र उम्र 25 वर्ष की रिश्तेदारी में गमी हो गई थी. जिसके चलते वे अंतिम संस्कार में सम्मिलित होने के लिए बुधवार को ग्राम पिपरी कला जा रहे थे. बताया गया कि जब बाइक सवार दोनों लोग ग्राम पंचायत मतरी पतौरा के निकट भरहुत मार्ग पर पहुंचे तो करारी नदी का पानी रपटे के ऊपर से बह रहा था. लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने बाइक को रपटे के पानी में उतार दिया. कुछ दूर आगे जाने पर पानी के तेज बहाव की वजह से उनकी बाइक असंतुलित हो गई और देखते ही देखते वे बाइक समेत फिसलते हुए नदी में जा गिरे. घटना होती देख ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना दी. उचेहरा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन प्रारंभ की. लेकिन गुरुवार को दिन भर जारी रही खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिल पाई. इसी कड़ी में शुक्रवार की सुबह से एसडीआरएएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन आरंभ कर दिया. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम उचेहरा सुभाष मिश्रा, तहसीलदार परमानंद तिवारी, थाना प्रभारी सतीष मिश्रा भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर मुस्तैद हो गए.
झाडिय़ों में फंसा मिला शव
एसडीआरएएफ द्वारा की जा रही सर्चिंग के दौरान ग्रामीणों ने सूचना दी कि एक व्यक्ति का शव लगभग 4 किमी दूर झाडिय़ों में फंसा नजर आ रहा है. मौके पर पहुंचकर जब शव को कब्जे में लिया गया तो मृतक की पहचान पुष्पेंद्र लोधी के तौर पर हुई. जिसे देखते हुए एसडीआरएफ ने सॄचग का दायरा बढ़ाते हुए 5 किमी तक कर दिया. काफी देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद रपटे से लगभग 3 किमी दूर राजकुमार का शव भी बरामद कर लिया गया. रपटे में बहे दोनों लोगों के शव बरामद होने की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया

Next Post

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में प्रवेश से पहले होगी त्रिस्तरीय जांच

Sat Sep 5 , 2026
सतना :मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन एक सत्र में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ऑफलाइन पद्धति से आयोजित होगी। परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए […]

You May Like