इंदौर: शहर में मानसून बारिश का अभी 10 दिन और इंतजार करना पड़ेगा. इसका कारण यह है कि अरब सागर और बंगाल की खड़ी में काम दबाव का क्षेत्र तो बन रहा है, लेकिन उतना मजबूत नहीं है, जिससे झमाझम बारिश होगी. यही नहीं मानसून पूर्व की बरसात भी 4-5 दिन होने की संभावना नहीं है. ऐसी स्थिति में उमस ओर बढ़ेगी.
आज शहर का तापमान 38.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है.
इसके उलट रात का तापमान 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है. कल रात पारा 26.6 डिग्री दर्ज किया गया. शहर में तापमान कम है, लेकिन उमस बढ़ने से गर्मी से आम जन परेशान हो रहा है. शहर में 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही है, जिससे तपन ज्यादा महसूस हो रही है. प्रदेश के मौसम वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. बारिश इस महीने के तीसरे सप्ताह के बाद आएगी. साथ ही मानसून पूर्व की बारिश भी इंदौर में 15 तारीख के बाद आ सकती है. अरब सागर में एक मूवमेंट बना है, लेकिन उसको आगे बढ़ने में 6 दिन कम से कम लगेंगे. इसके बाद भी झमाझम बारिश के लिए फिलहाल कोई मौसम सिस्टम नहीं बना है, तो बारिश होगी , लेकिन सामान्य ही रहेगी.
