काबुल, 06 सितंबर (वार्ता) उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान के तखर प्रांत में मादक पदार्थ निरोधक पुलिस ने 95 किलोग्राम अवैध ड्रग्स ज़ब्त की है। आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने शनिवार को अलग-अलग बयानों में यह जानकारी दी। ये ज़ब्ती प्रांतीय राजधानी तालुक़ान शहर और फ़रखर ज़िले में हुई, जहां पुलिस ने 95 किलोग्राम अफ़ीम बरामद की। मंत्रालय ने बताया कि इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनके दस्तावेज़ आगे की जांच के लिए न्यायपालिका को सौंप दिये गये हैं।
मंत्रालय ने एक अन्य बयान में कहा कि नशीले पदार्थों की लत से निपटने के एक संबंधित प्रयासों में ,पश्चिमी हेरात प्रांत के अधिकारियों ने हाल ही में 303 नशा करने वालों को पकड़ा, जिन्हें चिकित्सा उपचार और सहायता के लिए एक पुनर्वास केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। अफ़ग़ान सरकार ने अफ़ीम की खेती और हेरोइन निर्माण को जड़ से ख़त्म करने की प्रतिबद्धता के साथ, तस्करों, उत्पादकों और उत्पादन नेटवर्क को निशाना बनाते हुए, मादक पदार्थों के ख़िलाफ़ अपने राष्ट्रव्यापी अभियान को तेज़ कर दिया है।
