
मंडला। सीईआईआर पोर्टल का उपयोग कर मंडला पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल बरामदगी में नया कीर्तिमान बनाया है। गोवा में आयोजित पश्चिम क्षेत्र सुरक्षा सम्मेलन में मंडला पुलिस को 74 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ वेस्ट जोन में प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया।
पिछले डेढ़ साल में पुलिस ने 2,031 मोबाइल रिकवर किए, जिनकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। इनमें 2024 में 1,046 और 2025 में 985 मोबाइल शामिल हैं। इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक पहले ही मंडला टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार और दो पुलिसकर्मियों को डीजी डिस्क व रोल से सम्मानित कर चुके हैं।
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि थानों में साइबर डेस्क गठन, हेल्पलाइन प्रचार, तत्काल शिकायत दर्ज, बिल/आईएमईआई न होने पर भी आवेदन स्वीकार, निगरानी टीम और मासिक पुरस्कार जैसी पंच-स्तरीय रणनीति से यह सफलता मिली।
विशेष पहल के तहत बरामद मोबाइल अब थानों से या बीट पुलिसकर्मी सीधे ग्रामीणों के घर जाकर सौंपते हैं। इस नवाचार से दूर-दराज़ के आदिवासी इलाकों तक लोग अपने मोबाइल आसानी से पा सके।
