
सीतामऊ। ग्राम पंचायत रायपुरिया के ग्राम करडिया बंबोरी में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां सरकारी कुएं पर मोटर चलाने के लिए विद्युत डीपी लगाई गई थी, लेकिन योजना एक दिन भी नहीं चली। विभाग के कर्मचारियों ने 5–7 साल पहले ही डीपी हटाकर बाबुल्दा गिरिट ले जाई थी। इसके बावजूद कनेक्शन क्रमांक 3208008938 से हर महीने हजारों रुपये का बिल पंचायत के खाते में आ रहा है, जिसका भुगतान लगातार किया जा रहा है।
सरपंच पति तूफान केवट ने बताया कि ग्राम में आज तक नल योजना शुरू नहीं हुई, न ही स्ट्रीट लाइट चालू हैं, जबकि इनके बिल का भुगतान पंचायत कर रही है। ग्रामवासियों ने भी पुष्टि की कि कभी नल की लाइन में पानी नहीं आया और डीपी का उपयोग नहीं हुआ।
विद्युत विभाग के सुपरवाइजर राहुल सिंह का कहना है कि शिकायत अभी हाल ही में मिली है और जांच कर शीघ्र निराकरण किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि अब देखना होगा उन्हें समाधान मिलता है या सिर्फ आश्वासन।
