ब्यावरा: पहले से ही बदहाली का दंश झेल रही सडक़ो पर मरहम के नाम पर किया गया पेंचवर्क मात्र औपचारिकता भर साबित हुआ. कुछ दिन में ही पेंचवर्क की गिट्टी ऊपर आ गई. अब तेज बारिश ने पेंचवर्क को बुरी तरह तहस-नहस कर दिया है. सडक़ो पर गिट्टी बिखरी होकर गड्ढे होने से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रह है. इंदौर नाका, अस्पताल रोड, राजगढ़ रोड आदि कई जगह जानलेवा गड्ढे हो रहे है जो कभी कोई अनहोनी का कारण बन सकते है.
विदित है कि इंदौर नाका पुल, राजगढ़ रोड, सिविल अस्पताल रोड, रेलवे स्टेशन रोड सहित अन्य स्थानों पर सडक़े छलनी हो गई है. विगत दिवस बारिश का दौर थमने पर विभाग द्वारा पेंचवर्क के नाम पर सडक़ो पर हो रहे गड्ढो में गिट्टी, मटेरियल बिछाकर इतिश्री कर ली गई. जबकि मजबूती के साथ व्यवस्थित मरम्मत कर पेंचवर्क किया जाता तो संभवत: इससे आवागमन में अच्छी राहत मिल सकती थी.
दुर्घटनाग्रस्त हो रहे वाहन
इंदौर नाका के पुराने पुल के यहां वैसे तो पूरी तरह सडक़ उखड़ चुकी है किंतु एक जगह ऐसा गहरा और जानलेवा गड्ढा हो रहा है जिसमें कई दुपहिया वाहन के पहिए चले जाने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है. लोग चोटिल तक हो चुके है. बावजूद इसके इस खतरनाक जगह की अनदेखी की जा रही है. रात के अंधेरे में खतरा और अधिक रहता है. समय रहते इसकी मरम्मत की जाना चाहिए वरना कभी कोई अनहोनी घट सकती है.
