शराब तस्करी के आरोप में मंडल अध्यक्ष सहित 4 गिरफ्तार

सतना : मैहर जिले के रामनगर थाने की पुलिस ने लक्जरी कार से शराब की तस्करी कर रहे 4 लोगों को दबोच लिया. जिसमें से एक की पहचान युवा मोर्चा कोठी के मंडल अध्यक्ष के तौर पर हुई. कार में कुल 72 लीटर अवैध शराब रखी मिली. जिसकी कीमत 30 हजार रु आंकी गई.रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी.

जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने देवराजनगर से रामनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर भिटारी पुलिया के निकट घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरु कर दी. इसी दौरान एक सफेद रंग की नेक्सान कार आती दिखाई दी. कार में आगे की ओर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी. पुलिस की घेराबंदी देखते हुए कार चालक ने गति धीमी कर दी और कुछ दूर पहले रकने के बाद कार को पीछे की ओर ले जाने लगा.

इस संदेहास्पद गतिविधि को देखते ही पुलिस टीम ने कार को रोक लिया. पूछे जाने पर कार में सवार लोगों की पहचान रोहित पाल 20 वर्ष निवासी मौहार कोठी, अभिनव गौतम 23 वर्ष निवासी मौहार कोठी, राजेश गुप्ता 45 वर्ष निवासी शंकरगढ़ प्रयागराज और ललित पाल 19 वर्ष निवासी मौहार कोठी के तौर पर हुई. जांच किए जाने पर वाहन की डिग्गी में 8 पेटी शराब भरी पाई गई. कार्टनों में कुल 72 लीटर शराब बरामद हुई. जिसकी कीमत 30 हजार रु आंकी गई. जिसे देखते हुए कार और शराब को जब्त करने के साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
 मैनेजर करा रहा था पैकारी
पकड़े गए आरोपियों में से एक राजेश गुप्ता बदखर स्थित शराब दुकान का मैनेजर है. इससे पहले वह रामनगर की शराब दुकान का मैनेजर हुआ करता था. अपने पुराने संपर्कों का फायदा उठाते हुए राजेश गुप्ता द्वारा बदखर से शराब को रामनगर भेजकर पैकारी कराई जा रही थी. बताया गया कि इस काम के लिए प्रतिदिन 3 हजार रु दिए जा रहे थे. लेकिन जब रामनगर के शराब दुकान संचालक को नुकसान होने लगा तो उसने पुलिस से फरियाद की. जिसके बाद यह कार्रवाई सामने आई.
 पार्टी से निष्कासित
लक्जरी कार के जरिए शराब की तस्करी करने के आरोप में रामनगर पुलिस ने जिन 4 आरोपियों को पकड़ा है उनमें से एक अभिनव गौतम भाजपा युवा मोर्चा कोठी का मंडल अध्यक्ष बताया गया. यह जानकारी सामने आने पर कुछ लोगों ने अपने रसूख के दम पर आरोपी को छोडऩे के लिए पुलिस पर दबाव भी बनाया, लेकिन बात नहीं बनी. वहीं दूसरी ओर इस मामले को संज्ञान में लेते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय ने स्पष्ट कर दिया कि शराब के अवैध परिवहन में पकड़े गए भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अभिनव गौतम के विरुद्ध जिला संगठन कठोर कार्रवाई करेगा. इसी कड़ी में कुछ देर बाद ही जिलाध्यक्ष द्वारा भाजयुमो मंण्डल अध्यक्ष कोठी को पार्टी से निष्कासित किए जाने का आदेश जारी कर दिया गया.

Next Post

नगर निगम और आईएफसी के बीच 1700 करोड़ लोन राशि का एमओयू

Fri Sep 5 , 2025
इंदौर: नगर निगम इंदौर और इंटरनेशनल फाइनेंस कार्पोरेशन (आईएफसी) के बीच 1700 करोड़ रुपए के लोन के लिए एमओयू साइन हुआ. यह समझौता अमृत योजना के चतुर्थ चरण, धार रोड पर बनने वाले चंदन नगर चौराहे के ब्रिज, नया नगर निगम बिल्डिंग, और वर्कशॉप निर्माण जैसे विकास कार्यों को गति […]

You May Like