
भोपाल। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सोमवार को भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा व संगठन महामंत्री हितानंद सहित कई पदाधिकारियों ने भोपाल में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी को ऐसा महानायक बताया जिन्होंने आजादी से पहले बंगभंग का विरोध किया और आजादी के बाद कश्मीर में अनुच्छेद 370 के खिलाफ आंदोलन चलाया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा देता है। विष्णुदत्त शर्मा ने उन्हें राष्ट्रभक्ति, त्याग और संकल्प का प्रतीक बताया और कहा कि उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं। पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी गई। भाजपा नेताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
