नयी दिल्ली, 14 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने कहा है कि भारतीय जहाज होर्मोज जलडमरूमध्य से निकल कर भारत आ रहा है।
श्री रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ भारतीयों के लिए अच्छी खबर, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके समर्थकों के लिए बुरी खबर। भारतीय जहाज़ शिवालिक के भारत पहुंचने की उम्मीद है। ”
इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने शनिवार को कहा कि जहाज़ों का भारत पहुंचना अच्छी बात है, लेकिन असली मुद्दा जहाज़ों के प्रचार का नहीं बल्कि आम लोगों की वास्तविक परेशानी का है।
श्री टैगोर ने कहा कि श्री गांधी देश के उन आम लोगों की पीड़ा की बात कर रहे हैं, जो एलपीजी सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं। उनके मुताबिक देशभर में परिवार एक वितरक से दूसरे वितरक के पास भटक रहे हैं और उन्हें यह तक पता नहीं है कि उनका सिलेंडर रिफिल कब मिलेगा।
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार इस सच्चाई को जानते हुए भी इसे प्रचार की कहानी में बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार आम घरों के लिए स्थिर एलपीजी आपूर्ति और किफायती कीमतें सुनिश्चित करने में क्यों विफल रही है।
श्री टैगोर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार में शासन से ज्यादा प्रचार को महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घोषणाएं तो बहुत हो रही हैं, लेकिन आम लोगों की रसोई आज भी राहत का इंतजार कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि श्री गांधी पर हमला करने के बजाय सरकार को उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो वह आम जनता की तरफ से उठा रहे हैं। यही जिम्मेदार नेतृत्व की पहचान है।
