सतना: विंध्य के प्रमुख कृषि बाहुल्य जिले सतना में इस बार रबी सीजन की शुरुआत सुस्त नजर आ रही है। खरीफ सीजन में मानसून के विलंब से आने और धान की रोपाई लेट होने का सीधा असर अब रबी फसलों पर पड़ता दिख रहा है। धान की कटाई पूरी न होने के कारण जिले में इस साल गेहूं व अन्य रबी फसलों की बोवनी पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 दिन पिछड़ गई है।
जिले में धान की खेती का रकबा सबसे अधिक है, जिसके चलते यहाँ खरीफ के समय धान की प्रमुखता रहती है। इस वर्ष मानसून के आगमन में देरी के कारण धान की रोपाई भी सामान्य समय से पिछड़ गई थी। फसल तैयार होने में अधिक समय लगने के कारण अब तक जिले में धान की लगभग 70 से 80 प्रतिशत कटाई ही पूरी हो पाई है। अभी भी खेतों में 20 से 30 प्रतिशत धान की फसल खड़ी है, जिसकी कटाई होना बाकी है।
धान के खेत समय पर खाली न हो पाने के कारण रबी सीजन की बुवाई प्रभावित हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक बमुश्किल 10 से 20 प्रतिशत ही रबी की बोवनी मुख्य गेहूं और अन्य फसलें हो पाई है। यदि पिछले वर्ष के आँकड़ों से तुलना करें, तो इस बार गेहूँ की बोवनी का कार्य लगभग 10 दिन पीछे चल रहा है।
उत्पादन पर पड़ सकता है असर
रबी फसलों की बुवाई में देरी फसल के कुल उत्पादन पर काफी असर डाल सकती है। समय पर बोवनी न होने से पौधों के विकास का सही समय कम हो जाता है, और आगे चलकर तापमान में वृद्धि होने से दाने भरने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। फिलहाल किसान खेत खाली होते ही रबी फसल की बोवनी में तेजी से लग गये है।
सरसों और जवा का रकबा बढ़ने की संभावना
इस रबी सीजन में जिले में सरसों और जवा की खेती का रकबा बढ़ने की संभावना है। मिली जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष सरसों की बोवनी करीब 6 से 7 हजार हेक्टेयर में हुई थी, जबकि इस बार इसके बढ़कर 14 से 15 हजार हेक्टेयर तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, जवा की खेती का रकबा पिछले वर्ष लगभग 2 से 2.5 हजार हेक्टेयर था। इस सीजन में इसमें भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कृषि कल्याण विभाग के सहायक संचालक राम सिंह बागरी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार रबी फसलों की बोवनी करीब 10 दिन पिछड़ रही है। इसकी मुख्य वजह खरीफ सीजन की धान की फसल की कटाई में देरी होना है। जिले में अब तक 70 से 80 प्रतिशत धान की कटाई ही पूरी हो पाई है, जबकि रबी फसलों की बोवनी लगभग 10 से 15 प्रतिशत क्षेत्र में हुई है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में सरसों और जवा की खेती का रकबा बढ़ने की संभावना है।
