स्पाइसजेट के गल्फ एयर के साथ करार अफ्रीका; यूरोप, मध्य एशिया तक मिलेगी पहुंच

गुरुग्राम, 04 सितंबर (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने बहरीन की सरकारी एयरलाइंस गल्फ एयर के साथ एक इंटरलाइन समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जिससे उसके यात्रियों को बहरीन के रास्ते पश्चिम एशिया, अफ्रीका, यूरोप और मध्य एशिया तक पहुंच मिलेगी।
स्पाइसजेट ने गुरुवार को बताया कि इस समझौते से उसके यात्री एक ही टिकट बुक कराकर बिना किसी परेशानी के पश्चिम एशियाई देशों, अफ्रीका, मध्य पूर्व और यूरोप जा सकेंगे जबकि गल्फ एयर के यात्री निर्बाध रूप से भारत आ सकेंगे।
नये समझौते के तहत टिकटों की बिक्री अगले साल की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। गल्फ एयर वर्तमान में भारत में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, गोवा, कोच्चि और तिरुवनंतपुरम के लिए सीधी उड़ानें संचालित करती है।
स्पाइसजेट के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा, “गल्फ एयर के साथ यह साझेदारी स्पाइसजेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है क्योंकि हम अपनी वैश्विक पहुंच का विस्तार कर रहे हैं और अपने यात्रियों को पहले से कहीं अधिक यात्रा विकल्प प्रदान कर रहे हैं। यह इंटरलाइन समझौता न केवल हमारे यात्रियों को पश्चिम एशिया, अफ्रीका, यूरोप और मध्य एशिया में गल्फ एयर के विशाल नेटवर्क से सहजता से जोड़ेगा, बल्कि हमारे घरेलू नेटवर्क के माध्यम से गल्फ एयर के यात्रियों को पूरे भारत के करीब भी लाएगा।”
गल्फ एयर ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेफ्री गोह ने कहा, “हमें स्पाइसजेट के साथ अपने इंटरलाइन समझौते की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जो यात्रियों के लिए यात्रा विकल्पों में एक महत्वपूर्ण वृद्धि है। यह साझेदारी गल्फ एयर और स्पाइसजेट दोनों के यात्रियों को निर्बाध यात्रा अनुभवों का आनंद प्रदान करेगी। यह समझौता बहरीन और भारत तथा अन्य देशों के बीच बेहतर संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। एक केंद्र के रूप में बहरीन की रणनीतिक स्थिति और स्पाइसजेट के व्यापक घरेलू नेटवर्क के साथ, यात्रियों को विविध गंतव्यों तक सुविधाजनक पहुंच प्राप्त होगी, जिससे उनकी यात्रा और अनुभव समृद्ध होंगे।”

Next Post

नर्मदा,तवा और बारना का जलस्तर बढ़ा, बांधों के गेट खोले गए

Thu Sep 4 , 2025
जिले में बुधवार रात से लगातार हो रही वर्षा से नर्मदा, तवा और बारना नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। प्रशासन ने तवा, बरगी और बारना बांधों के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा है। वर्षा की स्थिति: बनखेड़ी 70.6 मिमी (कुल 1457.2 मिमी), नर्मदापुरम 39.3 मिमी (कुल 1301.9 […]

You May Like