ग्वालियर: ग्वालियर व्यापार मेला को समाप्त हुये लगभग 41 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी मेले में वाहन खरीदने वालों को उनके वाहन की आर.सी. नहीं मिली हैं। जिस कारण मेेले में वाहन खरीदने वाले लोग अपने वाहन को चला ही नहीं पा रहे है और न ही शहर से बाहर जाने के लिये नेशनल हाइवे का उपयोग कर पा रहे हैं। मेले में लगभग 40 हजार दो पहिया व चार पहिया वाहनों की बिक्री आर.टी.ओ. रजिस्ट्रेशन छूट व अन्य कंपनी छूट के चलते हुई थी।
आर.सी. न होने से ऐसे वाहन रोज यातायात पुलिस के चालानों से भी जूझ रहे हैं। ग्वालियर व्यापार मेला इस वर्ष 25 दिसंबर से लगा था, लेकिन केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की लगातार पहल व पैरवी के चलते 19 जनवरी से मेले में वाहन पंजीयन शुल्क में राज्य शासन ने छूट की घोषणा की थी, वहीं ग्राहकों को आकर्षित करने के लिये आटोमोबाइल कंपनियों ने भी कुछ स्पेशल रिबेट अलग से दी थी, जिस कारण ग्वालियर व्यापार मेले में इस बार रिकार्ड वाहनों की बिक्री हुई, जो बढ़कर 40 हजार तक चली गई।
विक्रीत वाहनों में हर श्रेणी के वाहन थे। वाहन तो बिक गये और भरपूर अपेक्षा से ज्यादा बिके, लेकिन परिवहन विभाग वाहनों के पंजीयन की व्यवस्था माकूल नहीं बना पाया, जिसके चलते जनवरी फरवरी में बिकने वाले वाहनों के आर.सी. रजिस्ट्रेशन कार्ड अभी तक वाहन मालिकों को नहीं मिल पा रहे हैं। वाहन मालिक अपने वाहन की आर.सी. के लिये आर.टी.ओ. से लेकर वाहन बेचने वाले आटोमोबाइल डीलरों पर चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन वह रोज वापस लौट रहे हैं।
