उज्जैन: बीती रात उज्जैन शहर में 6 इंच (147 मिमी) और जिले में औसतन 2.5 इंच (61.3 मिमी) बारिश दर्ज की गई। वहीं, यशवंत सागर डेम इंदौर के गेट खोले जाने और लगातार हो रही वर्षा के चलते गंभीर डेम का जलस्तर बढ़ गया है। जल स्तर प्रबंधन के तहत 4 सितंबर 2025 को गंभीर बांध के गेट क्रमांक 2 और 3 को 3-3 मीटर तथा गेट क्रमांक 4 को 2 मीटर तक खोल दिया गया।
बांध से पानी छोड़े जाने के कारण महिदपुर तहसील में क्षिप्रा नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ सकता है। प्रशासन ने घट्टिया, उन्हेल और महिदपुर क्षेत्र के साथ-साथ क्षिप्रा एवं गंभीर नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने और नदी तट की ओर न जाने की अपील की है।इसी तरह देवास के क्षिप्रा बेराज के गेट खोलने से भी उज्जैन की क्षिप्रा नदी में जल स्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने विशेषकर रामघाट क्षेत्र और नदी किनारे रह रहे लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
