
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में हिंदी माह 2025 के उपलक्ष्य में एक रोचक क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सामान्य ज्ञान, इतिहास और भूगोल जैसे विषयों पर आधारित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण के लिए कुल 106 प्रतिभागियों का चयन किया गया था। इसके बाद मुख्य प्रतियोगिता में छह प्रमुख टीमों और आठ चैलेंजर टीमों ने भाग लिया, जिन्हें लकी ड्रॉ के माध्यम से चुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रूपेश तेलंग, महाप्रबंधक (टीसीबी, मैन्युफैक्चरिंग, कमर्शियल और मेंटेनेंस) ने कर्मचारियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि जीतना बड़ी बात नहीं, बल्कि भाग लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अतिरिक्त महाप्रबंधक (एसटीएम) एके गुप्ता ने प्रतियोगिता को कौन बनेगा करोड़पति जैसा बताते हुए कहा कि सभी को इस तरह के मंचों से अपना ज्ञान बढ़ाना चाहिए। वहीं, अतिरिक्त महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अरिफ अहमद सिद्दीकी ने कहा कि जीवन प्रश्नों से घिरा है और यह प्रतियोगिता हमें प्रश्नों का स्वागत करने का अवसर देती है।
निर्णायक मंडल में अजय आर्य, अतिरिक्त महाप्रबंधक (एचएमई), शैलेंद्र कुमार पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक (एचएमई) और कुंदन माहेश्वरी, वरिष्ठ प्रबंधक (एचएमई) शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा प्रबंधक श्रीमती पूनम साहू ने किया।
