
इटारसी। शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को विपिन जोशी स्मारक समिति इटारसी द्वारा 41वां राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन द पार्क क्लब एंड रिसॉर्ट होशंगाबाद रोड, इटारसी में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक होगा।
समिति अध्यक्ष रमेश के. साहू एडवोकेट ने बताया कि इस समारोह का मुख्य आकर्षण चयनित शिक्षकों का पद प्रक्षालन और सामूहिक महाआरती रहेगा। यह गुरुओं के प्रति सम्मान की अद्वितीय परंपरा है, जो आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव प्रदान करेगी।
समारोह में सरस्वती वंदना की प्रस्तुति स्वर मालिका म्यूजिक क्लास, इटारसी के शिष्यों द्वारा दी जाएगी और पंडित सरवन नगाइच के सानिध्य में स्वस्ति वाचन होगा। समिति ने नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
