
बिलकिसगंज। अज्ञात बदमाशों ने दिन दहाड़े तेज बारिश का फायदा उठाते हुए सूने मकान का तोड़कर नगदी सहित जेवरात पर हाथ साफ कर दिया.
जानकारी के अनुसार ग्राम बिलकिसगंज निवासी धनपाल विश्वकर्मा सोमवार को सुबह से अपने परिवार के साथ भैरूंदा हुए थे. इधर बारिश भी जमकर हो रही थी. तभी अज्ञात बदमाशों ने सूना मकान देखकर दिनदहाड़े ताला तोड़कर घर में रखी 2 जोड़ चांदी की पायल सहित अन्य जेवरात एवं 9 हजार रुपए नगदी ले भागे. धनपाल ने बताया कि जब वह शाम को घर आए तो ताला टूटा देख कर दंग रह गए. घर में घुसकर देखा तो जेवरात गायब मिले. उन्होंने आसपास के लोगों से पूछा तो उन्होंने बताया कि दिनभर से पानी इतना तेज गिर रहा है कि कोई घर से बाहर ही नहीं निकले और घटना का पता ही नहीं चला. इस तरह दिन दहाड़े चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय का माहौल निर्मित हो गया है और वह पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग कर रहे हैं. इससे पहले भी गांव में चोरों ने उत्पात मचा रखा था जिसकी वजह से ग्रामीण अपने घरों को सूना छोडऩे की हिम्मत भी नहीं कर रहे थे.
