मुंबई, 01 सितंबर (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारतीय पूंजी बाजार में भारी बिकवाली से रुपया सोमवार को नौ पैसे और टूटकर नये निचले स्तर 88.18 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 29 अगस्त को 50.50 पैसे की भारी गिरावट के साथ 88.09 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। पहली बार यह 88 रुपये प्रति डॉलर से नीचे उतरी थी।
रुपया आज नौ पैसे की गिरावट में 88.18 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। यह बीच कारोबार में ऊपर 88.13 रुपये प्रति डॉलर और नीचे 88.3350 रुपये प्रति डॉलर को छूने के बाद 88.18 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने आज भारतीय पूंजी बाजार से 87.82 करोड़ डॉलर की शुद्ध रूप से निकासी की। इससे रुपये पर दबाव रहा। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में रही 0.10 प्रतिशत की नरमी से रुपये पर दबाव कम हुआ।
