नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के रास्ते विदेश के एक शहर से दूसरे शहर जाने वाले हवाई यात्रियों की संख्या वित्त वर्ष 2024-25 में दो साल पहले के मुकाबले करीब साढ़े तीन गुना हो गयी है।
एयरपोर्ट की संचालक कंपनी दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने सोमवार को यह जानकारी साझा करते हुये बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 में दिल्ली के रास्ते विदेश के दो शहरों के बीच यात्रा करने हवाई यात्रियों की संख्या 3.88 लाख थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 13.4 लाख पर पहुंच गयी। यह 244 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुनिया के 150 शहरों के लिए उड़ानों का संचालन होता है और यह एशिया प्रशांत एवं मध्य पूर्व के शीर्ष 10 ट्रांजिट हब में शामिल एक मात्र भारतीय हवाई अड्डा है।
डायल ने बताया कि इस वृद्धि में मुख्य योगदान मध्य एशिया और थाइलैंड को जोड़ने वाली इंडिगो की उड़ानों का रहा है। इंडिगो की ये उड़ानें थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक और एक अन्य लोकप्रिय पर्यटन शहर फुकेट को दिल्ली के रास्ते मध्य एशिया में आलमाटी, ताशकंद, तिब्लिसि और बाकू से जोड़ती हैं।
अन्य ट्रांजिट – घरेलू से घरेलू, घरेलू से विदेशी और विदेशी से घरेलू – को मिलाकर दिल्ली हवाई अड्डे से कुल ट्रांजिट दो साल में 30.6 प्रतिशत बढ़कर वित्त वर्ष 2.03 करोड़ पर पहुंच गया। दो साल पहले यह 1.56 करोड़ था। घरेलू से घरेलू ट्रांजिट भी 15.9 प्रतिशत बढ़कर 1.05 करोड़ पर पहुंच गया।
