
सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां दबंग शराबियों ने एक युवक पर इस कदर हमला किया कि उसकी जिंदगी ही छिन गई। घटना कन्नई तिराहा स्थित आदर्श होटल के पास 12 फरवरी की रात करीब 10 बजे हुई। मृतक की पहचान विष्णु बैगा पिता लालजी बैगा उम्र 22 वर्ष निवासी गुल्लीडाड़, थाना बरगवां के रूप में हुई है, जो अपने गांव में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।
जानकारी के अनुसार विष्णु बैगा जैसे ही आदर्श होटल के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद विक्रम बैस पिता जगदीश बैस उम्र 34 वर्ष और केशवदास बैस पिता सूर्यलाल बैस उम्र 52 वर्ष निवासी कन्नई ने उसे रोक लिया। मामूली कहा-सुनी के बाद आरोपियों ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए विष्णु बैगा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बांस के डंडे से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की भयावहता इतनी थी कि विष्णु जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी नहीं रुके और लगातार मारपीट करते रहे। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बैढ़़न पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन आज दिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक मो. समीर, उप निरीक्षक विशेष प्रसाद साकेत, प्रआर अनुप मिश्रा, संजय यादव, सुरेंद्र मुझाल, रामनिवास यादव, विपिन सिंह तोमर और आर अरविंद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छठी के कार्यक्रम में जा रहा था मृतक
जानकारी के अनुसार विष्णु बैगा निवासी गुल्लीडाड़ कन्नई गांव में छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण में जा रहा था कि शराबियों ने एक होटल में बैठ कर शराब पी रहे थे। चर्चा है कि विष्णु शराबियों के सामने जूता पहनकर निकल रहा था कि आरोपियों को यह बात नागवार लगी। इसी बात पर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, इसके बाद जब विष्णु ने इसका विरोध किया तो मारपीट करने लगे। मारपीट इतना किये की वह जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ा। आरोपियों ने सॉपों की तरह लाठियों से पीटते रहे। अधमरा हालत में घायल युवक को डायल 112 के माध्यम से जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां आज उसकी मौत हो गई। हालांकि बरगवां पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार ने देरी नही की। अब आरोपी जेल के सलाखों के पीछे हैं।
आरोपियों के विरूद्ध हत्या का मामला पंजीबद्ध
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष खत्री के निर्देशन में तत्काल विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मात्र तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जप्त कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इनका कहना:-
बीती रात करीब 11:30 बजे विष्णु बैगा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी आज दिन शुक्रवार को मौत हो गई। विष्णु बैगा किसी कार्यक्रम में जा रहा था कि दो आरोपियों ने मारपीट की, जिन्हें तीन घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गौरव पाण्डेय
एसडीओपी (आईपीएस),मोरवा
