
सीहोर। एक दिन पहले शनिवार को सीहोर के समीपस्थ ग्राम लसूडिय़ा परिहार के पास इंदौर पुलिस जिस बदमाश को खोज रही थी, उसका शव रविवार को सुबह यहां गड्ढे में दिखा. जांच में पता चला कि यह शव कोई सामान्य अपराधी का नहीं बल्कि इंदौर का कुख्यात बदमाश सलमान लाला निकला। जिसके खिलाफ एनडीपीएस और हत्या के प्रयास समेत 32 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. हालांकि स्थानीय पुलिस इस संबंध में कुछ भी कहने से साफ इंकार कर रही है. उनका कहना है कि इंदौर पुलिस के आने के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट हो सकेगा. हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर रात इंदौर पुलिस एक स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। दरबार ढाबे के पास गाड़ी रोकने पर उसमें बैठे पांच में से एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था. जबकि चार युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए. इसी फरार युवक की लाश रविवार को पानी से मिली है.बताया जाता है कि इंदौर क्राइम ब्रांच ने शनिवार को गैंगस्टर सलमान लाला के भाई शादाब उर्फ सिद्धू को दबोच लिया था। सिद्धू हाल ही में सागर जेल से जमानत पर बाहर आया था. जेल से बाहर आने के बाद वह अपने भाई सलमान और दो अन्य साथियों के साथ इंदौर जा रहा था. ें क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि उनके पास अवैध हथियार हैं. जिसके बाद पुलिस आरोपी का पीछा कर रही थी.
घेराबंदी के दौरान भागा था सलमान
सूचना के बाद क्राइम ब्रांच ने बदमाशों की घेराबंदी की थी। इसमें शादाब और उसके साथी अरुण मालवीय उर्फ डार्लिंग, कुलदीप साल्दे, सौरभ राठौड़ पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि सलमान मौके से फरार हो गया था. पकड़े जाने के दौरान शादाब और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला करने की भी कोशिश की थी, लेकिन क्राइम ब्रांच ने उन्हें काबू कर लिया था.
पिस्टल और एमडी ड्रग बरामद
क्राइम ब्रांच को आरोपियों के पास से 2 पिस्टल 2 राउंड, 1 चाकू और 11 ग्राम एमडी ड्रग के साथ एक स्कॉर्पियो कार जब्त की है। पुलिस टीम फिलहाल शादाब और उसके साथियों से पूछताछ कर रही है, वहीं रविवार को सलमान लाला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली है. हालांकि इसकी अब तक अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
