
इंदौर. राऊ इलाके में पेट्रोल पंपकर्मी पर हमला करने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने बिना हेलमेट पेट्रोल देने से इंकार करने पर पंपकर्मी से गाली-गलौज की और उसे लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया. जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी.
घटना 29 अगस्त की रात करीब 11.50 बजे राऊ मेन रोड स्थित प्रथम सभा केंद्र रंगवासा के पास बने पेट्रोल पंप पर हुई. फरियादी 40 वर्षीय विनोद गेहलोद निवासी ग्राम बोरखेड़ी, किशनगंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी के साथ पंप बंद कर खाना खा रहे थे. इसी दौरान आरोपी मनीष और उसका साथी बाइक से आए और पेट्रोल डालने की मांग की. फरियादी ने बताया कि उसने बिना हेलमेट पेट्रोल न मिलने और पंप बंद होने की बात कही. इस पर आरोपी भड़क गए और गालियां देने लगे. विरोध करने पर दोनों ने मिलकर झूमाझटकी की और उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा. हमले में उसके सिर, कंधे और घुटनों में चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी धमकी देकर भाग निकले. पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं. दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है.
