Helen की चमकदार स्टारडम के पीछे एक दर्दनाक संघर्ष छिपा है। 1938 में रंगून में जन्मी हेलन द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान परिवार के साथ भारत पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने को भाई हमेशा के लिए खो दिया।
हिंदी सिनेमा में कैबरे डांस की पहचान बन चुकीं दिग्गज अभिनेत्री हेलन आज 87 वर्ष की हो चुकी हैं। अपनी विदेशी खूबसूरती, बेहतरीन अदाकारी और डांस की अनोखी शैली के लिए जानी जाने वाली हेलन की चमकदार जिंदगी के पीछे एक बेहद दर्दनाक और संघर्षों से भरी कहानी छिपी है। बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्मों की इस सुपरस्टार का शुरुआती जीवन एक रिफ्यूजी जैसी हालत में गुजरा था।
हेलन का जन्म 21 नवंबर 1938 को रंगून, बर्मा में हुआ था। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उनके पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार की मुश्किलें बढ़ती चली गईं। 1943 में युद्ध की भयावहता के बीच हेलन का परिवार किसी तरह रंगून छोड़कर भारत की ओर निकल पड़ा। फिल्मफेयर अवॉर्ड में हेलन ने अपने दर्द और संघर्षों से भरे इस सफर का किस्सा सुनाते हुए बताया कि उनका परिवार सैकड़ों गांव और घने जंगलों को पार करते हुए भारत पहुंचा।
